ओटावा: कनाडा के क्यूबेक शहर की एक मस्जिद में रविवार शाम की नमाज के समय एक बंदूकधारी हमलावर द्वारा की गई गोलीबारी की वारदात में पांच लोगों की मौत हो गई। एक चश्मदीद द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय क्यूबेक सिटी इस्लामिक कल्चरल सेंटर के अंदर करीब 40 लोग मौजूद थे। शाम की नमाज के लिए यहां पहुंचे इन लोगों पर हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों की संख्या तीन बताई जा रही है। पुलिस ने मस्जिद के चारों ओर सुरक्षा बढ़ा दी है। क्यूबेक पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। एक ट्वीट कर पुलिस विभाग ने इस बात की जानकारी दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने घटना में मारे गए लोगों के बारे में भी पुष्टि की है। क्यूबेक पुलिस के प्रवक्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, कई लोग घायल हुए हैं। कुछ लोगों की मौत भी हुई है। मस्जिद के प्रमुख इमाम मुहम्मद यानगुई ने कहा, इस तरह की घटना यहां क्यों हो रही है? यह बेहद क्रूर और बर्बर है। घटना के समय यानगुई मस्जिद के अंदर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के बाद मस्जिद में मौजूद लोगों ने फोन कर उन्हें इस वारदात की जानकारी दी। घायलों को क्यूबेक शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।