इंडिया न्यूज सेंटर, सिरसा:
कुछ लोगों ने शादी के आड़ में नाबालिग लड़की का 1 लाख रुपए में सौदा कर बेच दिया। नाबालिगा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिगा ने कहा है कि वह 9वीं कक्षा पास है तथा उसके पिता का देहांत हो चुका है। घर में उसकी मां, एक छोटी बहन व भाई है। शिकायत के अनुसार वह नौकरी के लिए लुधियाना (पंजाब) में आई जहां शक्ति नामक महिला उसके सम्पर्क में आई।
शक्ति उसे सिरसा स्थित प्रधान आंटी नामक महिला के पास ले आई। वहां उसे करीब 6 दिनों के अंतराल में शक्ति, गिन्ना व अनिता नामक महिलाओं से परिचय करवाया गया। इन महिलाओं ने इस दौरान मिलकर उसकी शादी 21 अप्रैल, 2017 को रोहतक जिला के गांव बहु अकबरपुर निवासी रणबीर के पुत्र राकेश के साथ करवा दी। इस दौरान उसे पता चला कि उपरोक्त सभी महिलाओं ने उसे करीब 1 लाख रुपए में बेचा है और उसकी यह शादी जबरन करवाई गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक राकेश ने उसके साथ 2 बार शारीरिक सम्बंध बनाए जबकि वह नाबालिगा है। नाबालिगा ने पुलिस प्रशासन से उपरोक्त महिलाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की गुहार की है। पुलिस ने नाबालिगा की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ए.एस.आई. सुशीला देवी ने बताया कि लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।