इंडिया न्यूज सेंटर, मुंबई: महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर बनी फिल्म एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी को अब महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी टैक्स फ्री कर दिया गया है। भारत की एकदिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया है। झारखंड और उत्तर प्रदेश की राज्य सरकारों ने कुछ दिन पहले ही फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर दिया था। अब महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सरकार ने भी फिल्म के लिए एंटरटेनमेंट टैक्स को माफ करने का फैसला किया है। बता दें कि 30 सितंबर को रिलीज हुई भारतीय क्रिकेट स्टार एमएस धोनी की बायोपिक एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी ने देशभर में गुरुवार तक 94.13 करोड़ की कमाई कर 100 करोड़ के क्लब में एंट्री करने को बेताब है। फिल्म के निर्माता अरुण पांडेय ने कहा कि हम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी टीम के राज्य में माही के जीवन पर बनी फिल्म को टैक्स फ्री करने के लिए शुक्रगुजार हैं। उन्होंने ने कहा कि माही का सफर प्रेरणादायी है और इसके जरिए अधिक लोग फिल्म और इस शानदार खिलाड़ी के जीवन को देख सकेंगे।