इंडिया न्यूज़ सेंटर, इलाहाबाद। राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में गरीबों का भला नहीं हुआ। पीएम ने अमीरों का 1 लाख 10 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। इसका फायदा गरीबों को नहीं मिला। कालाधन लाने और विकास की बात अधूरी रह गई। रोड शो के बाद वे कौशांबी के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रोड शो के दौरान हिंदू हॉस्टल के पास उन्होंने मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी रोड होते हुए राहुल का काफिला यूनिवर्सिटी के पास स्टूडेंट्स के प्रतिनिधि मंडल से मिला। उन्होंने यहां ऐतिहासिक नीम के पेड़ पर भी श्रद्धांजलि दी। यहां कहा कि यह पेड राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है जहां अंग्रेजों ने सैकड़ों क्रांतिकारियों को फांसी दी थी। शहर में जगह-जगह राहुल के स्वागत की तैयारियां हुई थीं। बता दें, रोड शो के बाद राहुल गांधी कौशाम्बी जाएंगे। वहां के टेवां गांव में शाम पांच बजे खाट पंचायत का आयोजन होना है। किसान यात्रा के तहत राहुल गांधी बुधवार रात इलाहाबाद पहुंचे। मंडल प्रभारी पूर्व मंत्री नंद गोपाल नंदी का कहना है कि इस मौके पर दूसरी पाटियों के सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी ज्वाइन करेंगे। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा, किसान यात्रा को लेकर जो लोग मुगालते में हैं और खटिया के लुटने की बात कर रहे हैं, वो याद रखें कि इलाहाबाद में उनकी खटिया खिसक गई है।