` 70 लाख युवाओं पर भाजपा की नजर

70 लाख युवाओं पर भाजपा की नजर

POLITICS share via Whatsapp
इंडिया न्यूज सेंटर, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी की नजर प्रदेश के करीब 70 लाख युवाओं पर है, जो इसी साल एक जनवरी को 18 साल के हुए हैं। यह युवा इस बार के विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदाता बनेंगे। भाजपा का प्रयास है कि इन युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से भाजपा ने एक बूथ दस यूथ का नारा दिया है। इस नारे के साथ ही भाजपा ने नए वोटर बनवाने को पूरी टीम तैयार की है। इस टीम की जिम्मेदारी है कि बूथ स्तर पर अपने अपने क्षेत्र में आने वाले नए (युवाओं) के वोट बनवाए जाएं। बूथ अध्यक्षों की इसमें खास भूमिका बताई गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी कार्यकर्ताओं को यही पाठ पढ़ाने में लगे हैं कि युवाओं को अधिक से अधिक पार्टी से जोड़ा जाए। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के करीब 70 लाख युवाओं के वोट बनवाने के लिए अलग से टीम तैयार की है। शामली के मोहित बेनीवाल को नव मतदाता पंजीकरण अभियान का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। वहीं, प्रदेश को छह क्षेत्रों में बांटते हुए पश्चिम, अवध, कानपुर, काशी, गोरखपुर और ब्रज के क्षेत्री प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। 92 संगठनात्मक जिलों के जिला प्रभारी बनाए गए हैं। मोहित बेनीवाल ने बताया कि यह अभियान एक सितंबर से 10 सितंबर तक चलेगा। बाद में एक जनवरी 2017 को 18 साल के होने वाले युवाओं को वोट बनवाने का अभियान अलग से चलेगा। होर्डिंग, बैनरों पर नजर आएगा अलग लोगो नवमतदाता पंजीकरण अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पहले तो मंडल स्तर पर कार्यशाला आयोजित कीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कार्यशाला पिछले दिनों मेरठ में हुई। वहीं अब जिला स्तर पर कार्यशाला की जा रही हैं। नव मतदाता पंजीकरण अभियान के प्रदेश प्रभारी मोहित बेनीवाल ने बताया कि जल्दी ही अभियान से जुड़े होर्डिंग और पोस्टर तैयार कर लगवाए जाएंगे, जिसमें विशेष लोगो तैयार कराया गया है। प्रदेश के नक्शे के साथ कमल खिलता दिखाई देगा।
POLITICS

OJSS Best website company in jalandhar
Source: India News Centre

Leave a comment






11

Latest post