Congress has a huge majority in Chhattisgarh, Congress President Rahul Gandhi is the winner of our workers, farmers and youth
नेशनल न्यूज डेस्कः छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जनता ने प्रचंड बहुमत दिया है। मध्यप्रदेश व राजस्थान में बढ़त बना चुकी कांग्रेस में जश्न का माहौल है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस शुरू कर दी है। राहुल गांधी ने यहां कहा कि कांग्रेस की यह जीत युवाओं, किसानों व पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि यहां हमारी विचारधारा की जीत हुई है। राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि इन राज्यों में भाजपा ने जो भी काम किए हम उन्हें आगे ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम इन राज्यों में किसानों व युवाओं के लिए कार्य हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी शासित राज्यों में कांग्रेस का उभरना भाजपा के लिए खतरे की घंटी है।
किसान व रोजगार सबसे अहम मुद्दे : राहुल गांधी
प्रेस कांफ्रेंस में राहुल गांधी ने संबोधित करते हुए कहा है कि किसान व रोजगार हमारे सबसे अहम मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों व युवाओं की समस्याओं को हल करने में कोई लापरवाही नहीं बरतेगी। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर कहा कि आने वाले समय में भाजपा व पीएम मोदी के लिए मुश्किलें होंगी।
मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस में कोई खींचतान नहीं : राहुल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम इन प्रदेशों में एक उद्देश्य लेकर जाएंगे। हम इन राज्यों में ऐसी सरकार चलाएंगे जिस पर प्रदेश के नागरिकों को गर्व होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई खींचतान नहीं होने वाली है।