Video of ASI and head constable's Chitta drinking
इंडिया न्यूज़ सेंटर,तरनतारन: पंजाब पुलिस अक्सर ही अपने कारनामों को लेकर चर्चा में रहती है। एक बार फिर खाकी दागदार हुई है। ताजा मामला विधानसभा हलका पट्टी से संबंधित है, यहां के थाना सिटी पट्टी में तैनात ए.एस.आई. और हैड कांस्टेबल की चिट्टा (हैरोइन) पीते की वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लोगों ने वीडियो देखते हुए कई तरह के तंज कस डाले। वीडियो धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर फैल गई। मामला पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया। वीडियो मिलते ही तरनतारन के एस.एस.पी. ध्रुव दहिया ने तुरंत कार्रवाई करते दोनों पुलिस मुलाजिमों को निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक, ए.एस.आई. दर्शन सिंह और हैड कांस्टेबल टहल सिंह थाना सिटी पट्टी में तैनात थे। रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसमें ए.एस.आई. दर्शन सिंह चिट्टा पी रहे है, जबकि हैड कांस्टेबल टहल सिंह उनकी मदद कर रहा है। टहल सिंह सिल्वर पेपर की पन्नी पकड़कर नीचे लाइटर से आग के जरिए ए.एस.आई. दर्शन सिंह को चिट्टे (हैरोइन) पीने में मदद कर रहा है। उक्त वीडियो अमृतसर में बैठे पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई, जिसके बाद तरनतारन के एस.एस.पी. ध्रुव दहिया, एस.पी. (इंवैस्टीगेशन) जगजीत सिंह वालिया, एस.पी. (हैडक्वार्टर) गौरव तूरा सहित कई पुलिस अधिकारियों के फोनों की घंटियां बजनी शुरू हो गई। पुलिस के उच्च अधिकारियों ने वीडियो को ध्यानपूर्वक देखा तो पता चला कि हैरोइन पीने वाला ए.एस.आई. दर्शन सिंह और उसकी मदद करने वाला हैड कांस्टेबल टहल सिंह थाना सिटी पट्टी में तैनात है। एस.एस.पी. ध्रुव दहिया ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पुलिस मुलाजिमों को निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ डी.एस.पी. पट्टी को विभागीय कार्रवाई करने के आदेश दिए।