Delhi Police registers FIR against Greta Thenberg, tweetes about farmer agitation, kisaan andolan
न्यूज डेस्क, नई दिल्लीः किसान आंदोलन को लेकर किए गए ट्वीट को लेकर दिल्ली पुलिस ने ग्रेटा थनबर्ग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने भड़काऊ ट्वीट करने के मामले में धारा 153ए और 120बी के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि बीते 70 दिनों से देश के किसान दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इस बीच, किसान आंदोलन को समर्थन देने के नाम पर भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश का खुलासा हुआ है।
भारत के खिलाफ साजिश को सफल बनाने में स्वीडन की पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने बेहद शातिर तरीके से योजना बनाई। इस योजना को गलती से उन्होंने ट्वीट कर दिया। हालांकि, जिसे बाद में उन्होंने डिलीट भी कर दिया। ग्रेटा थनबर्ग ने किसानों के समर्थन में किए गए अपने ट्वीट में भारत की सत्तारूढ़ पार्टी भारतीय जनता पार्टी को फासीवादी पार्टी करार दिया। ग्रेटा ने ट्वीट कर बताया कि भारत सरकार पर किस तरह दबाव बनाया जा सकता है, इसके लिए उन्होंने अपनी कार्य योजना से संबंधित एक दस्तावेज भी साझा की।
दस्तावेज को पढ़ने के बाद स्पष्ट होता है कि ग्रेटा किसी बड़े भारत विरोधी प्रोपेगेंडा मुहिम का हिस्सा हैं। ग्रेटा थनबर्ग के इस ट्वीट से खुलासा हुआ कि गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा से लेकर अब तक जो हुआ, वो सब एक साजिश के तहत हुआ है और इसमें वैश्विक शक्तियां भी जुड़ी हुई हैं। इसी सब को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने ग्रेटा पर एफआईआर दर्ज की है।
धारा 153ए के तहत ऐसा कृत्य जो विभिन्न धार्मिक, नस्लीय, भाषीय या क्षेत्रीय समूहों या जातियों या समुदायों के बीच सद्भाव के खिलाफ है, और जिनसे सार्वजनिक शांति भंग होती हो या भंग होने की संभावना पैदा होती हो, आता है। वहीं धारा 120बी के अंतर्गत ऐसा कृत्य आता है जो कोई पूर्वोक्त रूप से दंडनीय अपराध को करने के आपराधिक षड्यंत्र से भिन्न किसी आपराधिक षड्यंत्र में शरीक होगा।